आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली के अजमतगढ़ कस्बा में बुधवार को कोचिंग से घर जा रही एक युवती के साथ सरेराह दो युवकों ने बदसलूकी की। मोबाइल नंबर न देने पर युवती के कपड़े फाड़ ने का प्रयास किए। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। लोगों को देखकर आरोपी युवक फरार हो गए। पीड़िता ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि वह सहेलियों के साथ कोचिंग पढ़ने के लिए जीयनपुर गई थी। आरोप है कोचिंग से लौटते समय अजमतगढ़ बाजार में बाइक सवार दो युवकों अशोक चौहान और प्रदुम्न राजभर उसे रोककर मोबाइल नंबर मांगने लगे। मना करने पर आरोपी युवक युवती के कपड़े फाड़ने का प्रयास किए। युवती के शोर मचाने पर आरोपी दोनों युवक भाग गए। आसपास के लोग इकठ्ठा हो गए। सूचना पाकर पुलिस कर्मी भी आ गए। पीड़िता की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी अशोक चौहान और प्रदुम्न राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई।