आजमगढ़ के शहर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मस्थान में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की हुई मौत से आखिरकार पर्दा उठ ही गया। शादी की जिद पर अड़ी युवती प्रेमी से झगड़ा करने के बाद खुद फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर ली। इसका खुलासा पुलिस ने किया।
पुलिस की गिरफ्त में आए प्रेमी ने बताया कि जिस दिन उसकी प्रेमिका ने फांसी लगाई थी, उस दिन भी उसने शादी की जिद को लेकर कहासुनी की थी। झगड़ा करने के बाद दोनों एक ही कमरे में सो गए थे। जब नींद खुली तो वह फंदे से लटक रही थी।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा कदीम परमेश्वर का पूरा गांव निवासी खुशबू यादव (23) बीए की छात्र है। कुछ माह पूर्व उसकी मुलाकात शहर में पढ़ने वाले राजू यादव से हुई थी। राजू यादव मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के पीयुंआ ताल गांव का निवासी है।
एक ही मुलाकात में दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। दोनों में फोन से बातचीत होने लगी। इसके बाद दोनों ब्रह्मस्थान स्थित एक मकान में किराए पर कमरा लेकर एक साथ रहने लगे। राजू ने बताया कि उसने खुशबू के साथ शादी करने का वादा किया था। खुशबू शादी करने की जिद करने लगी थी। गुस्से में खुशबू ने उसका मोबाइल फोन पटक कर तोड़ दिया था।
आरोपी राजू ने बताया कि दो-तीन अगस्त की रात में भी उसका खुशबू के साथ विवाद हुआ था। फिर दोनों एक ही कमरे में सो गए थे। खुशबू ने रात के समय कमरे की छत में लगे पंखे से गमछा से फंदा लगाकर लटक गई। जब उसकी नींद खुली तो उसे लटका हुआ देखकर आसपास के लोगों को बुलाकर नीचे उतरवाया। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर इस मामले में राजू के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।