बलरामपुर। सीएमओ डाॅ. अशोक कुमार ने सोमवार को मेंहनगर और देवइत स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। देवइत में जहां कमियां मिलने पर उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। वहीं मेंहनगर में कई स्वास्थ्य कर्मियों के अनुपस्थित मिलने पर नाराजगी जताई।
सीएमओ सोमवार की सुबह 9.40 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवइत निरीक्षण करने पहुंचे। जहां प्रसव कक्ष के निरीक्षण में पाया कि डिलवरी टेबल नहीं है। एग्जामिनेशन टेबल पर डिलवरी कराई जाती है। इस पर फार्मासिस्ट को निर्देशित किया कि सीएमएसडी स्टोर से डिलवरी टेबल प्राप्त कर लाना सुनिश्चित करें। इसके बाद औषधि भंडार का निरीक्षण किया। जहां स्टाक बुक पर बैच नंबर एवं एक्सपायरी डेट अंकित नहीं मिली। इस पर अधीक्षक को निर्देश दिया कि कमियों को ठीक कराएं।
इसके बाद सीएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर पर सुबह 10.20 बजे पहुंचे। जहां स्वास्थ्य केंद्र पर रविशंकर राय आकस्मिक अवकाश पर थे लेकिन उनका अवकाश प्रार्थना पत्र ऑनलाइन नहीं था। दिनेश कुमार तीन दिन के आकस्मिक अवकाश पर थे लेकिन उनका प्रार्थना पत्र ऑनलाइन नहीं था। अजीत कुमार, कमलेश फार्मासिस्ट, विकास कुमार लिपिक अनुपस्थित थे। अजीज अहमद शनिवार को आकस्मिक अवकाश पर थे एवं निरीक्षण के समय भी अनुपस्थित ही थे। आकस्मिक कक्ष में पाया गया कि इमरजेंसी ट्राली सुसज्जित नहीं है। औषधि भंडार के निरीक्षण में पाया गया कि एक्सपायरी रजिस्टर और डेट स्टाॅक बुक उपलब्ध नहीं थी। चिकित्सालय परिसर के शौचालय में गंदगी व्याप्त थी। जिस पर सीएमओ ने घोर नाराजगी व्यक्त की और कमियों को एक सप्ताह के अंदर ठीक करने का निर्देश दिया।