आजमगढ़। क्षमता से ज्यादा बच्चों को बिठाकर स्कूल ले जा रहे 60 ऑटो और ई-रिक्शा का चालान यातायात विभाग ने शनिवार को किया। नौ जुलाई के अंक में खतरे का सफर : 6 सीटर ऑटो में बैठ रहे 10 बच्चे शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद यातायात विभाग हरकत में आ गया। शनिवार को विभाग ने स्कूल के आसपास अभियान चलाकर क्षमता से अधिक बच्चों बिठाकर ले जा रहे 60 ऑटो का चालान किया। स्कूल प्रबंधकों, अभिभावकों, चालकों को जागरूक किया। एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान अभिभावकों को जागरूक करते हुए अपील की कि वे बच्चों को निर्धारित क्षमता के अनुसार संचालित वाहनों से ही स्कूल भेजें। स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों को भी परिवहन संबंधी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।