अंबारी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिहटा गांव निवासी 13 वर्षीय आदर्श की सियार के काटने के बाद इलाज में लापरवाही से मौत हो गई। मामले में नाराज ग्रामीणों ने गद्दोपुर बाजार में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। परिजनों और ग्रामीणों की मांग पर चिकित्सक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। 24 अगस्त को आदर्श को सियार ने काट लिया था। परिजन उसे गद्दोपुर स्थित निजी चिकित्सक डॉ. जिलेदार यादव के पास इलाज के लिए ले गए। आरोप है कि डॉक्टर ने भरोसा दिलाया कि अन्य कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन रविवार को आदर्श की तबीयत बिगड़ने पर रेफर कर दिया। वहीं इलाज के दौरान सोमवार की सुबह आदर्श की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव लेकर सड़क जाम कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।