आजमगढ़। धनतेरस की रात एक व्यापारी की परेशानी को पुलिस ने महज दो घंटे में राहत में बदल दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला सीताराम निवासी अंकित वर्मा का 1.8 किलोग्राम चांदी के आभूषणों से भरा झोला ऑटो रिक्शा में छूट गया था। लेकिन पुलिस की तत्परता से झोला न केवल बरामद हो गया बल्कि सारे आभूषण सुरक्षित मिले।
अंकित वर्मा अपने पिता परमहंस वर्मा के साथ धनतेरस पर बिक्री के लिए वाराणसी से चांदी के आभूषण खरीदकर लौट रहे थे। रात लगभग 12.30 बजे रोडवेज पर उतरने के बाद वह ऑटो से घर जा रहे थे, इसी दौरान उतरते वक्त झोला ऑटो में ही छूट गया। घर पहुंचने पर जब झोला गायब मिला तो उन्होंने तुरंत थाना कोतवाली में सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन टीमों का गठन किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कराई। पुलिस की तत्परता से मात्र दो घंटे के भीतर ऑटो रिक्शा और झोला दोनों बरामद कर लिया। झोले में मौजूद सभी 1.8 किलो चांदी के आभूषण सुरक्षित मिले, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मालिक को सुपुर्द कर दिया गया।