अमिलो।
सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार में रविवार की सुबह किराना दुकान पर सामान लेने गए सात साल के बच्चे की मैजिक वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। शाहगढ़ निवासी रिशु चौहान (7) रविवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक किराना दुकान पर सामान लेने गया था। वह दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठा गया। दुकान के पास पहले से खड़ी मैजिक को चालक ने स्टार्ट किया। तभी मैजिक अनियंत्रित होकर बालक को रौंद दिया। हादसे में रिशु घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना देते हुए तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिधारी पुलिस मौके पर पहुंची। मैजिक को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बालक रिशु गांव के प्राथमिक विद्यालय (द्वितीय) में कक्षा दो का छात्र था। पिता राम प्रवेश चौहान रोजी-रोटी के सिलसिले में खाड़ी देश में रहते हैं। परिवार में दो भाई और दो बहनों में रिशु सबसे छोटा था। सिधारी थाना प्रभारी राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मैजिक को थाने लाया गया है।