05 नगर कोतवाली पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल बदमाश। संवाद
आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर रात मोहटी घाट मेन रोड तिराहे के पास जांच के दौरान मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पिन्टू उर्फ अशोक घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 8 नवम्बर को कोल बाजबहादुर क्षेत्र में हुई चेन-छिनैती की वारदात में शामिल बदमाश मोहटी घाट के पास अंधेरे में छिपा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया तो वह वाहन समेत फिसलकर गिर गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार बदमाश पिन्टू उर्फ अशोक वाराणसी जनपद के लोहता थाना क्षेत्र के भिटारी गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से अवैध असलहा, कारतूस, बाइक व छिनैती की सोने की चेन बरामद की। सीओ शुभम तोदी ने बताया कि बदमाश पिन्टू पर आजमगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, प्रयागराज सहित विभिन्न जनपदों में लूट, छिनैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि 8 नवम्बर को वृद्ध महिला की चेन छीनने की वारदात उसने अपने साथी विशाल उर्फ बाबू बीड़ी के साथ मिलकर की थी।