आजमगढ़। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर में 34 करोड़ की लागत से 12 एमएलडी की एसटीपी का निर्माण कराया जाएगा। जमीन मिलने के बाद जल निगम ने एसटीपी बनाने का डीपीआर तैयार करके शासन को भेज दिया है। अब शासन से डीपीआर को मंजूरी मिलने का इंतजार है। मुबारकपुर कस्बा घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां के मुहल्लों से प्रतिदिन लाखों लीटर गंदा पानी निकलता है। कस्बा में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था न होने से विभिन्न नालों के माध्यम से गंदा पानी तमसा नदी में गिर रहा है। इस कारण तमसा का जल प्रदूषित हो रहा है। जुलाई 2023 में शासन की ओर से निकायों में एसटीपी निर्माण के लिए सरकारी जमीन तलाशने के लिए निर्देश आया था। प्रशासन की पहल से नगर पालिका मुबारकपुर में एसटीपी के लिए जमीन मिल गई है। इस जमीन पर जल निगम की ओर से 12 एमएलडी की एसटीपी बनाई जाएगी। इसके लिए विभाग ने 34 करोड़ का डीपीआर तैयार करके शासन को भेज दिया है। शासन से बजट की स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू होगा। इसमें एसटीपी के निर्माण के साथ ही कस्बा के सभी मुहल्लों में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद सभी घरों के नालों को सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा। साल 2011 की जनगणना के अनुसार जिस निकाय की आबादी 20 हजार से अधिक है वहां पर जल निगम सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनवाएगी। आजमगढ़ में एसटीपी बन चुकी है। नगर पालिका मुबारकपुर में 12 एमएलडी की एसटीपी बनाई जानी है।
नगर पालिका मुबारकपुर में 12 एमएलडी की एसटीपी बनाने के लिए 34 करोड़ का डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा गया है। शासन से डीपीआर को मंजूरी मिलने का इंतजार है। बजट की स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू होगा।
- जियाउल हक, अधिशासी अभियंता नगरीय।