केदारपुर-सोफीपुर मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों के विरोध और अमर उजाला में प्रकाशित खबर का असर हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने करीब 12 किलोमीटर लंबे जर्जर मार्ग के नवीनीकरण के लिए एक करोड़ 57 लाख 57 हजार रुपये का बजट स्वीकृत कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
विभाग के अनुसार जल्द ही सड़क का काम शुरू कराया जाएगा। बीते तीन अगस्त को कलवरिया बाजार में गहजी ग्राम प्रधान राकेश सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली के विरोध में प्रदर्शन किया था।
लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई थी। इसके बाद चार अगस्त के अंक में ‘मार्ग की बदहाल हालत पर किया प्रदर्शन’ शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी।
प्रधान राकेश सिंह ने बताया कि केदारपुर से सोफीपुर तक जाने वाला मार्ग शारदा सहायक खंड-32 नहर होते हुए सोफीपुर, निजामाबाद और आजमगढ़ को जोड़ता है। केदारपुर से बैरमपुर तक करीब 12 किलोमीटर सड़क लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2025 में मरम्मत का काम शुरू हुआ था, लेकिन कुछ गड्ढे भरने के बाद ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया। ग्रामीणों ने पूर्व में जारी मरम्मत बजट की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
लोक निर्माण विभाग के एई राजकुमार यादव ने बताया कि केदारपुर-सोफीपुर मार्ग के नवीनीकरण के लिए एक करोड़ 57 लाख 57 हजार रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है और टेंडर भी हो गया है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।