आजमगढ़। फरिहां पुलिस चौकी पर तैनात सिपाहियों पर प्रधानों ने धन उगाही का आरोप लगाया है। सिपाहियों के स्थानांतरण की मांग को लेकर ग्राम प्रधान संघ का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला। ज्ञापन सौंप प्रधानों ने सिपाहियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष डा. राजेश सिंह ने कहा कि फरिहा चौकी पर तैनात उक्त सिपाहियों द्वारा क्षेत्र के कई मामलों में खुलकर धन उगाही की गई। इसके बाद दोषियों को खुली छूट देकर पीड़ितों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की जनता में कानून व्यवस्था के प्रति आक्रोश है। उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों के चलते कोई बड़ी वारदात या उत्पीड़न जैसी कार्यवाही न हो इसको ध्यान में रखते हुए इन सिपाहियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जावेद आलम फराही, जितेंद्र यादव, भारत यादव, रविंद्र राजभर, सुरेश यादव, संतलाल, दुर्गविजय यादव, महताब आलम, दिनेश यादव आदि प्रधान मौजूद थे।