आजमगढ़। मध्याह्न भोजन रसोइयां मजदूर संघ के तत्वावधान में बुधवार को बकाया मानदेय सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर रसाइयों ने अंबेडकर पार्क में धरना दिया व सभा की। इस दौरान रसाइयों ने चेतावनी दिया कि यदि मांगे पूरी नहीं हु़ई तो वे दो अप्रैल को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करने को विवश होंगी। विरोध प्रदर्शन में 22 ब्लाकों की रसाेइयों ने शिरकत कर आवाज बुलंद किया।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कन्यावती वर्मा ने कहा कि मिड-डे-मील में रसोईयों के लिए कोई नियमावली नहीं बनी है। समस्याओं के निराकरण को लेकर कई बार धरना दिया गया। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि रसोईयों का चार से पांच माह का मानदेय अभी तक नहीं मिला है। इससे इनके परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। सालिक राम यादव ने कहा कि अधिकारियों को कई बार प्रार्थना-पत्र दिया गया, बावजूद इसके निकाले गए रसोईयों को नहीं रखा गया और न ही आज तक बकाया मानदेय का भुगतान हुआ। धरने में जिलाध्यक्ष श्याम मौर्य, चंद्रभान वर्मा, अमृतलाल, कमलेश गौड़, मूलचंद यादव, पोलाहन यादव, ओमप्रकाश यादव सहित 22 ब्लाकों की रसोइयां आदि उपस्थित थी।