बलरामपुर/फरिहां (आजमगढ़)। संजरपुर बाजार के पास बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े वेस्टर्न मनी ट्रांसफर एजेंसी के संचालक आसिफ से 90 हजार रुपये लूट लिए। लुटेरे तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। दो लाख रुपये पीडि़त के जैकेट की जेब में होने के चलते लुटने से बच गए। खबर मिलने पर एएसपी ग्रामीण कैप्टन एमएम बेग ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बदमाशों को 48 घंटे के भीतर खोज निकालने का भरोसा दिलाया है।
रानी की सराय थाने के रोआं गांव निवासी आसिफ पुत्र युसुफ ने घर की बगल में वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर एजेंसी खोल रखी है। सोमवार की सुबह आसिफ बाइक से सरायमीर कस्बे पहुंचा और एचडीएफसी बैंक से दो लाख 90 हजार रुपये निकाले। दो लाख रुपये उसने जैकेट के अंदर की जेब में तथा 90 हजार रुपये एक थैले में रखे थे। लौटते समय आसिफ संजरपुर बाजार से आगे पोखरे के पास पहुंचा था तभी पीछे से पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक करके रोक लिया। पहले उसे थप्पड़ से पीटा फिर रुपये का थैला छीन कर संजरपुर बाजार की तरफ भाग गए। आसिफ के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया लेकिन सभी के हाथ में असलहा होने के कारण ग्रामीण पीछे हट गए। आसिफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सरायमीर भागकर मौके पर पहुुंचे। थानाध्यक्ष की सूचना पर पौने घंटे बाद सीओ फूलपुर रमेश चंद्र पाठक, कोतवाल फूलपुर आशीष मिश्रा आदि मौके पर पहुंचे।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। बैंक के सीसी टीवी कैमरे में कैद तस्वीरों को भी खंगाला जा रहा है। गठित टीमों में एक टीम सरायमीर थानाध्यक्ष, दूसरी फूलपुर कोतवाल और तीसरी में एसओजी की टीम शामिल है।
-
पुलिस बूथ के सामने घूमते हैं अराजकतत्व
फरिहां। सरायमीर कस्बे में स्थित जायसवाल कटरे में एचडीएफसी, एसबीआई और सहारा बैंकं का कार्यालय है। कटरे के ठीक सामने पुलिस बूथ है, जहां पुलिस के जवान बैंक ड्यूटी करते हैं। बावजूद इसके बैंक के आसपास प्राय: अराजकतत्वों का जमावड़ा रहता है। कई असलहाधारी बदमाश टहलते रहते हैं और हुड़दंग मचाते हैं। इससे बैंक में आने-जाने वालों को काफी दिक्कतें होती हैं। परेशान लोगों ने कई बार थाने में शिकायत की लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।