मऊ। प्रमोशन में आरक्षण के विरोध में शनिवार को कलेक्ट्रेट और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए हड़ताल की और कामकाज ठप रखा। हालांकि अन्य विभागों में विरोध के बाद भी कार्य जारी रहा। जबकि एससी-एसटी वर्ग के कर्मचारी इसे लेकर अलग ही रणनीति बनाते मिले।
राज्यसभा में प्रमोशन में आरक्षण को लेकर कानून संसोधन पर बहस होने के बाद घोषित हड़ताल के दूसरे दिन जहां सामान्य और पिछड़े वर्ग के कलेक्ट्रेट और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं प्रधानमंत्री से मांग की कि प्रमोशन में आरक्षण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कलेक्ट्रेट और बिजली विभाग में हड़ताल के चलते कार्य प्रभावित भी रहा। इस दौरान सर्वजन हिताय संघर्ष समिति एवं उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक प्रमोशन में आरक्षण को समाप्त नहीं किया जाएगा उनका संघर्ष चलता रहेगा। कहा कि सामाजिक अखंडता और वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा न हो इसके लिए सदन में पेश बिल को वापस लिया जाना चाहिए। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि अन्य विभागों में विरोध के बीच कार्य भी चलता रहा। वहीं एससीएसटी के लोग समर्थन में आंदोलन की रणनीति बनाते मिले। इस अवसर पर मुख्य रूप से एसएन मौर्या, एसपी मिश्रा, संदीप तिवारी, अनिल श्रीवास्तव, केएन सिंह, आरएन चौबे, सुशील वर्मा, मंशा यादव, एमपी सिंह, राधेश्याम मौर्या, लक्ष्मण यादव, बच्चा सिंह, जयप्रकाश यादव, मिथिलेश यादव, रामजनम सिंह, रामबाबू, रघुनंदन यादव, शंभू शंकर दुबे, सुबाषचंद्रनाथ तिवारी आदि रहे।
समर्थन में रैली आज
मऊ। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में प्रमोशन में आरक्षण के समर्थन में रविवार को गाजीपुर तिराहे से भीटी अंबेडकर प्रतिमा तक एक रैली निकाली जाएगी। इसमें एससीएसटी के सभी कर्मचारी भाग लेंग। यह जानकारी संरक्षक जितेंद्र कुमार गोयल ने दी।