जहानागंज। स्थानीय थाने के पाड़र बोझ गांव निवासी वृद्ध रामू चौहान की 25 अप्रैल की रात हत्या कर परिजनों को हत्या का संदेश देने के बाद फरार हुआ हत्यारा 10 दिन बाद भी पुलिस केहाथ नहीं लगा। जबकि रामू के परिवार वाले खौफजदा हैं।
बता दें कि जहानागंज थाने के पाड़र बोझ गांव निवासी 65 वर्षीय रामू चौहान पुत्र स्व.शिवमंल चौहान 25 अप्रैल की रात में मुबारकपुर से ट्रैक्टर ट्राली पर लर्दे ईट के आने पर रास्ता बताने के लिए जहानागंज थाने के सेमा बाजार गया था। इस बीच गांव का ही एक व्यक्ति उसके दरवाजे पर पहुंचा। उसने रामू चौहान की पत्नी से कहा तुम्हारे पति को लाठी-डंडे से पीट कर मार डाला हूं, उसकी लाश रास्ते में पड़ी है जा कर घर उठा लाओ। दूसरे दिन परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही निवासी केदार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापे-मारी की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इधर हत्या के 10 दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने पर मृतक की पत्नी और पुत्रों को अंदेशा है कि फरार हत्यारा कहीं परिवार के किसी अन्य सदस्य की भी हत्या का संदेश लेकर दरवाजे पर धमक न जाए। इस संबंध में जहानागंज थानाध्यक्ष अनिलचंद्र त्रिपाठी का कहना है कि हत्यारोपी केदार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का जाल बिछा दिया गया है। वह शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।