आजमगढ़। कोहरे के साथ ठंड में इजाफा हुआ है। इससे जहां रात को समय से पहले सड़कों पर सियापा फैल जा रहा है, वहीं सड़क पर रूकने वाले मजदूरों, रिक्शा चालकों, यात्रियों, मरीजों के परिवारीजनों की दशा खराब हो रही है। इसका कारण है अलाव की व्यवस्था का न होना। इससे अलग नगर पालिका का दावा है कि नगर के सात स्थानों पर अलाव जल रहा है।
जनपद में पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही ठंड से लोग बेहाल हैं। नगरपालिका के ईओ वीवी सिंह की मानें तो नगरपालिका की तरफ से रोडवेज, रेलवे स्टेशन, महिला अस्पताल, जिला अस्पताल, शारदा चौराहा, रिक्शा स्टैंड और चौक पर अलाव जलाया जा रहा है।
जिले का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसका परिणाम है कि शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबक जा रहें है। साथ ही आठ बजे से कोहरा पूरी तरह से शहर को अपने आगोश में ले रहा है। कोहरे के बाद शुरु होने वाली गलन से सड़क पर रहने वाले प्रभावित हो रहें है। हालांकि मंगलवार को दोपहर निकली धूप से लोगों को राहत मिली।
दूसरी तरफ जिला प्रशासन भी अलाव के प्रति संवेदनहीन बना हुआ है। आराजीबाग मुहल्ला निवासी अमित राय, तरवां प्रधान संघ अध्यक्ष रामकुंवर यादव का कहना है कि इतनी ठंड के बावजूद चट्टी चौराहों पर अलाव का न जलाया जाना नगरपालिका और प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है।
रामकुंवर यादव ने बताया कि क्षेत्र के मेंहनगर, तरवां, खरिहानी, महंगूगंज, रासेपुर, बोंगरिया, कंचनपुर, आदि बाजारों में अभी तक अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।