आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के रासेपुर बाजार में मंगलवार की रात मनबढ़ों ने एक समाचार पत्र विक्रेता को मामूली बात को लेकर पिटाई करने के साथ ही जेब से एक हजार रुपये भी लूट लिए। जान बचाकर भाई की दुकान पर पहुंचे पीडि़त को मनबढ़ वहां भी पहुंचकर मारने का प्रयास किए। पीडि़त के दुकान के अंदर जाने पर पथराव कर हमलावर वापस लौट गए। जबकि घटना के दौरान पीडि़त थानाध्यक्ष से लेकर अन्य अधिकारियों को फोन मिलाता रहा, लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। थाने पर सुनवाई नहीं होने पर पीडि़त बुधवार को जिला मुख्यालय आकर एसपी से मुलाकात किया।
पीडि़त शशिभूषण कन्नौजिया रासेपुर गांव का निवासी है। रासेपुर बाजार में उसका बड़ा भाई बेचन स्टूडियों खोला है। शशिभूषण समाचार पत्र बेचने का काम करता है। दोनों भाई बाजार में किराए का कमरा लेकर रहते हैं। रोज की भांति मंगलवार की शाम को शशिभूषण बेचे गए समाचार पत्र का तगादा कर घर लौट रहा था, तभी आटो में बैठने को लेकर कुछ लोग उससे विवाद कर लिए।
इस दौरान उसके पास मौजूद तगादे का एक हजार रुपया भी छीन लिए। शशिभूषण के भाई बेचन ने बताया कि वह जान बचाने के लिए रासेपुर पुलिस चौकी प्रभारी के साथ थानाध्यक्ष सहित अन्य कई अधिकारियों को फोन मिलाया लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नहीं आया। पीडि़त के अनुसार वह मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। मगर कोई कार्रवाई न होने पर एसपी से गुहार लगाई।
एसपी ने कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।