पल्हना। मेहनगर थाना क्षेत्र के पवनी कला गांव में मंगलवार की शाम आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े किशोर की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर की लाश काफी देर तक तार से चिपककर लटकी रही। सूचना देने पर बिजली कटी, तब जाकर शव नीचे गिरा। इस घटना से नाराज युवक के परिवार के लोगाें के साथ ग्रामीणों ने लालगंज-मेहनगर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम करने वाले मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। एसडीओ के 30 हजार रुपये मुआवजे देने की घोषणा पर करीब पांच घंटे बाद जाम खत्म हुआ। मौके पर थानाध्यक्ष के साथ अन्य अधिकारी भी पहुंच गए थे। ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति जबरदस्त आक्रोश था।
मृत किशोर केदार वनवासी (15) पुत्र जवाहिर मंगलवार की शाम पांच बजे के करीब गांव के बाहर एक पेड़ पर आम तोड़ने के लिए चढ़ा। इस दौरान पेड़ से सटकर गुजरे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने इसकी सूचना उपकेंद्र मेहनगर को दी। करीब आधे घंटे बाद बिजली कटी, इसके बाद किशोर का शव नीचे गिरा। घटना से नाराज ग्रामीणों ने लालगंज-मेहनगर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। गांव के प्रधान के पति वकील चौरसिया ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह घटना हुई। बताया कि गांव में विभिन्न स्थानों पर 11 हजार वोल्ट के तार लटके हैं। जिसे ठीक करने के लिए बिजली विभाग को कई बार लिखित प्रार्थना-पत्र दिया गया। लेकिन विभाग इस समस्या का निदान नहीं किया। इसका परिणाम रहा कि मंगलवार की शाम केदार वनवासी की मौत हो गई। जाम करने वालों में गांव के प्रधान पति वकील के साथ अरविंद सिंह, सत्यदेव सिंह, सत्येंद्र सिंह आदि लोग शामिल थे। जाम की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मेहनगर कुंवर बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी मेहनगर रामनरायन मिश्र, नायब तहसीलदार आदि लोग मौके पर पहुंच जाम समाप्त कराया।