अमिलो। दी किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव के गन्ना किसानों के बकाये का बृहस्पतिवार को भुगतान हो गया। होली से पहले खाते में बकाये के 9.60 करोड़ पहुंचते ही किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
चीनी मिल सठियांव ने बकाया गन्ना किसानों का मूल्य अब तक कई किस्तों में 54 करोड़ 48 लाख रुपये का भुगतान किया है। 26 जनवरी 2025 तक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों का बकाया भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान पेराई सत्र 2025 में चीनी मिल गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों की संख्या 17312 है। इनमें से 13018 गन्ना किसानों का बकाया भुगतान किया गया। अभी भी लगभग चार हजार गन्ना किसानों का बकाया भुगतान किया जाना बाकी रह गया है। इस संबंध में चीनी मिल के जीएम डाॅ. नीरज कुमार ने बताया कि होली से पहले नौ करोड़ 60 लाख रुपये का भुगतान किसानों के खाते में भेज दिया गया है। प्रयास किया जा रहा है कि जो बकाया रह गया है वह भी भुगतान जल्द ही कर दिया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।