बूढनपुर। जीएसएसपीजी कालेज कोयलसा के स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्रों ने छात्रवृत्ति नहीं मिलने से बूढनपुर तहसीलदार अंबिका चौधरी को ज्ञापन सौपा। इस दौरान नाराज छात्रों ने कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय प्रशासन छात्रवृत्ति के नाम पर प्रतिछात्र 200 रुपया फार्म शुल्क लिया गया। इसके बावजूद भी पिछले दो वर्षों से छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली। छात्रों ने ज्ञापन के माध्यम से तहसीलदार को अवगत कराया और कहा कि यदि इस वर्ष भी हम सभी छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली तो हम सभी छात्र 2019 लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर छात्र संघ उपाध्यक्ष शुभम पाण्डेय ने कहा कि कालेज प्रशासन द्वारा मनमाने तरीके से छात्रवृत्ति और प्रयोगात्मक परीक्षा के नाम पर 240 रुपया प्रति छात्र धन वसूली की जाती है। कालेज द्वारा प्रयोगात्मक छात्रों के लिए उत्तम लैब व टूल्स न होने से प्रयोगात्मक छात्रों के साथ अनदेखी की जा रही है। इतना ही नहीं परीक्षा एडमिट कार्ड और अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र के नाम पर भी धन उगाही की जाती है। विरोध करने पर कालेज से नाम काटकर निकाल देने की धमकी कालेज द्वारा दिया जाता है। छात्र नेता संदीप यादव ने बताया कि हम छात्रों से पुस्तकालय शुल्क प्रति वर्ष वसूला जाता है। लेकिन कालेज के पुस्तकालय में नवीन पुस्तकों के न होने के चलते हम छात्रों को पुस्तकालय की सुविधा से वंचित किया जाता है। छात्र नेता शुभम उपाध्याय ने बताया कि क्रीड़ा शुल्क 120 रू0 प्रति छात्र वसूला जाता है, किन्तु कालेज में खेलकूद के लिए स्पोर्ट संबंधी कोई भी वस्तु कालेज में उपलब्ध नहीं है। इस मौके पर शुभम, अर्जुन विश्वकर्मा, विकास यादव, शुभम मौर्या, नितिन सिंह, विवेक पाण्डेय, प्रद्युम्न राजभर, रोहित यादव, संजय यादव, अजय विश्वकर्मा, नीरज तिवारी सहित अनेक छात्र उपस्थित रहे। तहसीलदार अंबिका चौधरी ने छात्रों से कहा कि यह जांच का विषय है। जांच कर कालेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाही की जायेगी।