आजमगढ़। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद जवानों को गुरुवार को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जगह-जगह कैंडिल मार्च निकाला गया, शोक सभा की गई और घटना की निंदा की गई। रानी की सराय में पुलवामा हमले को लेकर कस्बे में नागरिकों और शेख रहमत कालेज के छात्रों द्वारा कैंडिल मार्च निकाल कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने पाक विरोधी नारे लगाए। इस मौके पर अब्दुल रहमान, अरूण, रामपलट, राजनारायण, हफीज आदि उपस्थित थे। सरायमीर के नंदाव बाजार स्थित न्यू ऑक्सफोर्ड विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मार्च निकाला। छात्रों ने तिरंगा झंडा लेकर हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद आदि के नारे लगाए। इस मौके पर रामविलास चौहान, अजय कुमार, अवध राज मौर्य, मुलायम आदि शामिल रहे। बिंद्राबाजार में युवाओं ने पुलवामा में हुई आतंकी घटना को लेकर तिरंगे के साथ जुलूस निकाला। जुलूस जब बिंद्राबाजार तिराहे पर पहुंचा तो युवाओं ने जमकर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही सरकार से मांग की कि पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे। ताकि इस तरह की घटना दोबारा करने से पहले कोई सौ बार सोचे।