आजमगढ़। यातायात सप्ताह के तहत गुरुवार को एआरटीओ की ओर से बाइक रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं शहर के नरौली स्टैंड पर एक दर्जन से अधिक छोटे-बड़े वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप चिपकाया गया। एआरटीओ प्रशासन आरएन चौधरी के मुताबिक यातायात जागरूकता सप्ताह के तहत गुरुवार को सुबह आठ बजे एआरटीओ कार्यालय से बाइक रैली निकाली गई। इसमें विभाग के अलावा सामाजिक संगठन के सदस्य शामिल रहे। यह रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए आईटीआई मैदान में पहुंचकर समाप्त हुई। रैली समाप्त होने के बाद कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों ने नरौली टैक्सी स्टैंड पर खड़े करीब एक दर्जन से अधिक छोटे-बड़े वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाया।