आजमगढ़। मदर ब्यूला क्रिश्चियन स्कूल मड़या के प्रांगण में सोमवार को संस्थापक जस्टिन मोजेज ब्राडवे की पुण्यतिथि पर सामाजिक समरसता संगोष्ठी हुई। परिचर्चा का मुख्य विषय राहुल सांकृत्यायन और आजमगढ़ रहा। जस्टिन मोजेज ब्राडवे और राहुल सांकृत्यायन को जनपद का सच्चा सपूत बताया गया। अध्यक्षता संत बक्स सिंह गहलोत ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. संचिता बनर्जी ने कहा कि जेएम ब्राडवे महापंडित राहुल सांकृत्यायन के अत्यंत निकटतम मित्र थे। इनके संपर्क से ब्राडवे के अंदर बदलाव आए। वे सामंतवादी, जातिवादी, रूढ़िवादी व्यवस्था के खिलाफ हो गए। आज नई पीढी़ को उनकी विचाराधारा को अपनाने की जरूरत है। बनवारी लाल जालान ने जेएम ब्राडवे के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कहा कि वो मानवता के प्रतिमूर्ति थे। शिक्षक नेता रामजपित सिंह ने कहा कि ब्राडवे की इच्छा थी कि राहुल सांकृत्यायन के व्यक्तित्व को देश और पूरा समाज जाने। प्रधानाचार्य जस्सी ब्राडवे ने कहा कि वे मानवीय दृष्टिकोण और सद्धर्म के मानक के रूप में शील, सदाचार एवं सेवा भावना को बढ़ावा देना चाहते थे। राहुल सांकृत्यायन एवं ब्राडवे को जनपद का सच्चा सपूत बताया। जेएम ब्राडवे की प्रतिमा स्थापना की मांग की। संगोष्ठी को नागसेन, बलिराम राजभर, आलोक सिंह, संध्या सिंह आदि ने संबोधित किया। कमला सिंह तरकश ने ब्राडवे के जीवन पर आधारित काव्य पाठ किया। बबिता जसरासरिया, ऊषा दास, डॉ. सुधीर रंजन अस्थाना, मधु सिंह, वंदना पाठक, जस्सी चरन, राजीव बर्नवास, विनोद श्रीवास्तव, प्रेमा चौहान, रंजना श्रीवास्तव, शकुंतला चौहान, बीना पांडेय, वंदना पाठक, शालिनी श्रीवास्तव, सुमन यादव आदि लोग मौजूद रहे।