आजमगढ़। जनहित संघर्ष समिति के संयोजक ओम प्रकाश राय ने सरकार से पूरे भारत वर्ष में कक्षा एक से 12 तक की शिक्षा के लिए एक ही बोर्ड, समान पाठ्यक्रम एवं समान माध्यम लागू किए जाने की बात कही। उन्होंने उक्त बातें शुक्रवार को तमसा पत्रकार सभागार में समिति की हुई बैठक को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने शिक्षा में निजीकरण पर रोक लगाए जाने और जनपद में विश्वविद्यालय की स्थापना किए जाने की मांग किया। आगे कहा कि कान्वेट विद्यालय और अंग्रेजी माध्यम से चलने वाले विद्यालयों के प्रबंधकों द्वारा अभिभावकों का विभिन्न देयों के नाम पर भारी शोषण किया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए जन प्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर जनप्रतिनिध थोड़ा भी अपने दायित्व का निर्वहन करते तो अधिकारी कार्रवाई करने में कत्तई ढिलाई नहीं करते। संगठन मंत्री हया नोमानी ने किसानों को अपने उत्पादन का मूल्य स्वयं तय किए जाने का अधिकार दिए जाने की मांग की। संरक्षक रामबली सरोज ने निजी विद्यालयों में काम करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों का ईपीएफ जमा कराने की मांग किया। इस अवसर पर माजिद नोमानी, रफत इस्लाम आजमी, राघवेंद्र राय, राजेश गुप्ता, यूसुफ आजमी, मुकेश सिंह आदि उपस्थित रहे।