सठियांव(आजमगढ़)। देश में बढ़े डीजल और पेट्रोल के दामों को लेकर समाजवादी पार्टी की मुबारकपुर इकाई द्वारा शनिवार को सठियांव चौराहे पर पेट्रोलियम मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंका गया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुतला दहन से पूर्व सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव के नेेतृत्व में बैठक की जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। सपा के लोग ‘मोदी सरकार होश में आओ, डीजल पेट्रोल मूल्य वृद्धि वापस लो, महंगाई जो रोज बढ़ाए वह सरकार निकम्मी है’ आदि नारा लगाते हुए चौराहे तक पहुंचे और पुतला फूंका। पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि रोज-रोज की मूल्य वृद्धि से जनता पर दोहरी मार पड़ रही है। जहां एक ओर वाहन से चलना या चलवाना आम आदमी की जेब से बाहर हो गया है वहीं पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य बढ़ने से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। जले पर नमक छिड़कने जैसा लगता है जब केंद्रीय मंत्री प्रेसवार्ता में कहते कि डीजल पेट्रोल की आपूर्ति प्राइवेट कंपनियां कर रही हैं। इसको जीएसटी में लाने के बजाए सरकार कार्पोरेट घरानों के सामने बेबस और लाचार नजर आती है। इसीलिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादियो को लम्बे संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। यह सरकार शिक्षा, चिकित्सा, रेल, परिवहन और बिजली सहित सभी क्षेत्रों को पूंजीपतियों के हाथों में बेचना चाहती है। इस मौके पर जयराम यादव, ज्याउल्लाह, यशवंत सिंह, अम्मार अदीबी, बहादुर यादव, राधेश्याम भारती, रामचरन मास्टर, विजयपाल यादव, प्रदीप यादव, सूबेदार यादव, अच्छेलाल आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता शोभनाथ यादव और संचालन देवसी प्रसाद यादव ने किया।