आजमगढ़। केंद्र सरकार की ओर से 118 एससी-एसटी बहुल गांवों में चलाए जा रहे ग्राम स्वराज अभियान के तहत बुधवार को पंचायती राज विभाग की ओर से चिह्नित गांवों में रैली निकाली जाएगी। स्वच्छता की अलख जगाई जाएगी। इसके साथ ही लोगों को जागरूक कर शौचालय बनवाकर गांवों को ओडिएफ कराने की अपील की जाएगी। विभाग की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
शासन की ओर से 14 अप्रैल से पांच मई तक ग्राम स्वराज अभियान चलाया जा रहा है। चिह्नित 118 गांवों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा और शौचालय बनवाने की अपील की जाएगी। इसके साथ ही खुले में शौच से होने वाली बीमारियों के बारे में भी बताया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक सैयद हसन नकवी ने बताया कि विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही स्वच्छता ग्रहियों को उसकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।