बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव निवासी एक ही परिवार के गायब हुए तीन बच्चों में से बड़े राजबहादुर यादव के मोबाइल का लोकेशन मिलने पर गुरुवार को गंभीरपुर थाने की पुलिस ने उसे शहर से सटे बेलइसा से पकड़ लिया। उसने बताया कि एक चचेरे भाई को मध्यप्रदेश के मैहर और दूसरे को जबलपुर में छिपाया है। पुलिस उन्हें लाने के लिए रवाना हो गई है।
बता दें कि सिंघड़ा गांव निवासी राजबहादुर यादव (20) पुत्र झिनक, राज यादव (8), स्वराज यादव (4) पुत्रगण सूबेदार यादव मंगलवार की दोपहर घर से आईस्क्रीम खाने के लिए निकले और गायब हो गए थे। बुधवार को बच्चों की सुशीला देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें अपने जेठ के बेटे राजबहादुर पर दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार को राजबहादुर का लोकेशन मिलने पर उसे शहर के बेलइसा से पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान राजबहादुर ने बताया कि वह राज को मध्य प्रदेश के मैहर और स्वराज को जबलपुर में छिपाकर रखा है। सीओ सदर मो. अकमल ने बताया कि दोनों बच्चों को लाने के लिए राजबहादुर को लेकर पुलिस टीम रवाना हो गई है। उनके आने के बाद ही घटना के सही कारण की जानकारी हो सकेगी।