आजमगढ़। लालबिहारी मृतक प्रकरण में हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में सोमवार को सुनवाई होगी। प्रशासन की ओर से भी काउंटर से संबंधित फाइले शासन को सौंपी जा चुकी है। जिलाधिकारी ने भी पिछले दिनों लखनऊ पहुंच अपना पक्ष रख दिया था। अभी स्थानीय लोगों की नजरें हाईकोर्ट में सोमवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई हैं। लाल बिहारी मृतक ने हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में 25 करोड़ के मुआवजे के लिए अपील दाखिल कर रखी है। पिछले दिनों ने हाइकोर्ट ने शासन और प्रशासन से ये पूछा था कि उन्हें मुआवजा क्यों नहीं दिया जाए। साथ ही मामले में अब तक की गई कार्रवाई से 13 मार्च को अवगत कराने के निर्देश दिया गया था। 13 मार्च को हाईकोर्ट में हलफनामा दायर करने और बहस के लिए शासन की ओर से पेश हुए अपर महाधिवक्ता रमेश कुमार सिंह जज से और समय की मांग की थी। अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तारीख 19 मार्च निर्धारित कर दी थी। इस बीच अपर महाधिवक्ता की ओर से जिलाधिकारी सीबी सिंह को भी लखनऊ बुलाया गया था। एसडीएम सदर प्रशांत कुमार ने बताया कि शासन की ओर से मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं, स्थानीय लोगों की नजरें अब 19 मार्च को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई है।