सारनाथ से लुम्बिनी नेशनल हाईवे पर क्रासिंग की मांग को लेकर मझगांवा गांव के ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। नेशनल हाईवे के निर्माण का कार्य इन दिनों चल रहा है। यह मार्ग मझगावा गांव से होकर गुजर रहा है। सैयदवारा गांव से मझगांवा गांव आने-जाने के लिए कोई क्रासिंग नहीं बनाई जा रही है। जिससे हाईवे के बन जाने पर मझगांवा गांव के ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। ग्रामीण काफी दिनों से क्रासिंग बनाये जाने की मांग कर रहे हैं। इसे बाद भी क्रासिंग बनाने की कवायद न होने पर रविवार को ग्रामीणों ने काम रुकवा कर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी भी दिया कि यदि क्रासिंग नहीं बनाई गई तो वे पुन: आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में राजू सिंह, मातबर सिंह, सतीश, राकेश आदि शामिल रहे।