आजमगढ़। 17 दिसंबर को मार्टीनगंज बाजार में अवैध कब्जा हटाने पहुंची नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम के साथ भाजपाइयों की ओर से की गई बदसलूकी के संबंध में मंगलवार को नायब तहसील ने दीदारगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव निवासी जयप्रकाश जायसवाल सहित 20 लोगों को आरोपित किया है। नायब तहसीलदार अरुण कुमार के मुताबिक डीएम के निर्देश पर वह टीम के साथ 17 दिसंबर को मार्टीनगंज बाजार में अवैध कब्जा हटवा रहे थे। तभी आरोपीगण पहुंचे और प्रशासन की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करते हुए उनके साथ अभद्रता करने लगे। धक्का-मुक्की के साथ गाली-गलौज भी की गई। कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली थी। मामले में भाजपाइयों के दबाव में प्रशासन पर तहसीलदार के स्थानांतरण के भी आरोप लगे थे। सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।