आजमगढ़। पिछले तीन दिनों से दोपहर बाद हो रही बारिश ने नगरपालिका के दावों की पोल खोलकर रख दी है। बुधवार की दोपहर हुई झमाझम बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। वहीं सबसे बुरी हालत तो एसपी कार्यालय के जाने वाले मार्ग की रही। कई दिनों से निर्माण के नाम पर खोदकर छोड़ी गई सड़क पर फिसलन के कारण कई लोग गिरते-गिरते बचे। वहीं डीएवी के पास तो एक फुट से अधिक पानी भरा था। किसी तरह लोग निकल पा रहे थे।
पिछले तीन दिनों से इंद्रदेव मेहरबान है। 12 बजे के बाद अचानक कहीं से काले बादल आ रहे हैं और झमाझम बारिश कर चले जा रहे हैं। बुधवार की दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे के करीब बुंदाबांदी शुरु हुई। लगभग आधे घंटे तक यही क्रम चलता रहा। लगभग एक बजे अचानक तेज बारिश शुरु हो गई। एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश के कारण नगर के पुरानी सब्जी मंडी पर होलिका दहन स्थान के पास नाली से पानी ओवरफ्लो हो जाने के कारण पानी सड़क पर भर गया। बता दें कि उक्त मार्ग पर नाली सड़क के बराबर है। नाली पर पटिया भी नहीं लगी है। बारिश के कारण जब सड़क पर पानी भर जाता है तो पता ही नहीं चलता है कि नाली किधर है। बुधवार को दोपहर में हुई बारिश के बाद सड़क पर पानी भर गया था। एक बाइक सवार उधर से गुजर रहा था। तभी दूसरी तरफ से बड़ा वाहन आने के कारण बाइक सवार एक साइड में होने लगा, तभी उसकी बाइक नाली में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला। यही हाल नगर के चौक तरफ जाने वाले मार्ग, शिब्ली कालेज के पास, एलवल, बदरका ईदगाह सहित डीएवी तिराहे की रही। वहीं बारिश रुकने के बाद एसपी कार्यालय जाने वाले मार्ग पर कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामाना करना पड़ा। कई दिनों से निर्माण के नाम पर खोदकर छोड़ी गई सड़क के कारण फिसलन हो गई थी। जिसके कारण कई लोग बाइक लेकर गिरते-गिरते बचे।