बाबतपुर एयरपोर्ट के निदेशक आकाशदीप माथुर के नेतृत्व में टीम शनिवार को 59 बिंदुओं पर जांच के लिए आजमगढ़ के मंदुरी हवाई अड्डे पहुंची। टीम ने हर बिंदु पर अब तक किए गए कार्यों को चेक किया। इसके बाद अब तक हुए 90 फीसदी कार्य से संतुष्टि जताई। 10 फीसदी छोटे-छोटे बचे कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। डायरेक्टर ने बताया कि उड़ान के लिए रनवे तैयार है। क्लीयरेंस होते ही शासन की ओर से उड़ान पर निर्णय लिया जा सकेगा।
दरअसल, रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत चयनित मंदुरी हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में बदलने का काम पूरा हो चुका है। बुधवार को स्कीम के तहत चयनित हवाई अड्डों की शासन की ओर से समीक्षा की गई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री के विशेष सचिव सुरेंद्र सिंह ने बाबतपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर, राजकीय निर्माण निगम और मुख्य राजस्व अधिकारी को 59 बिंदुओं की चेकलिस्ट सौंपी थी।
चेकलिस्ट के अनुसार टीम अपनी रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा था। शनिवार सुबह डायरेक्टर बाबतपुर एयरपोर्ट आकाशदीप माथुर अपनी टीम के साथ मंदुरी हवाई अड्डे पर पहुंचे। इसमें कई विभागों के एक्सपर्ट थे। जनपद से मुख्य राजस्व अधिकारी हरिशंकर, एसडीएम सगड़ी एके सिंह, कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।