आजमगढ़। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, सेवा समर्पण संस्थान और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को होटल मालिक और समाजसेवी विजेंद्र सिंह पर विधायक द्वारा लगाए गए आरोप को झूठा बताया और इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की बैठक जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सपा विधायक कल्पनाथ पासवान द्वारा होटल मालिक पर दस लाख रुपये गायब होने का आरोप लगाया गया है, जो अविश्वसनीय है। वहीं, सेवा समर्पण संस्थान के जिलाध्यक्ष आनंद मोहन श्रीवास्तव के नेतृत्व में आरोप की निष्पक्ष जांच कराए जाने को लेकर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया गया। इस मौके पर मिथिलेश सिंह, सिंहासन यादव अध्यक्ष गोरक्ष संभाग, सुरेंद्र आदि उपस्थित रहे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य रामअवध यादव ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव में मनचाहा चंदा नहीं दिए जाने के द्वेष में होटल मालिक पर फर्जी मुकदमा कराकर फंसाया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराकर फर्जी मुकदमा खत्म किए जाने और विधायक की संपत्तियों की जांच कराए जाने की मांग उच्चाधिकारियों से की है।