आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले भीरा मार्ग का चौड़ीकरण कार्य धनाभाव में रुक गया था। इसमें गति देने के लिए शासन ने स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष दूसरी किस्त अवमुक्त कर दी है। दूसरी किस्त की धनराशि अवमुक्त करने के साथ ही तेजी से काम पूरा कराने का निर्देश कार्यदायी संस्था को दिया गया है। लालगंज-भीरा मार्ग की लंबाई 11.625 किमी है। इस सड़क की जर्जर स्थिति के चलते रास्ते पर पड़ने वाले ग्रामों के लोगों को काफी असुविधा होती थी। लोगों बार-बार सड़क के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे। इसे देखते हुए शासन ने इस सड़क के चौड़ीकरण को अनुमति प्रदान करते हुए 14.02 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत कर दी। पहली किस्त के रूप में कार्यदायी संस्थान निर्माण खंड आजमगढ़ को 1.40 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई थी। जिससे काम तो शुरू हुआ लेकिन पैसे की कमी के चलते रफ्तार काफी धीमी रही। काम में तेजी लाने को लेकर शासन ने दूसरी किस्त के रूप में पुन: 6.14 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिया है। धनराशि जारी करने के साथ ही कार्यदायी संस्था को तेजी से काम पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। इस सड़क के चौड़ीकृत हो जाने से लगभग दर्जन भर ग्रामों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। इतना ही नहीं लालगंज से बरदह और बरदह से लालगंज आनेजाने में भी आसानी होगी।