मेजवां। फूलपुर और ग्रामीण क्षेत्रो में दीपावली के मद्देनजर पंडालों में स्थापित लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमाओ के पट श्रद्घालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। पट खुलते ही दर्शन करने के लिए श्रद्घालुओं का रेला उमड़ पड़ा। लोगों ने विघ्नहर्ता गणेश के साथ मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना कर परिवार के सुख समृद्घि की कामना की। इसके बाद लोगों ने कस्बे में लगे स्टालों से जमकर दीपावली की खरीदारी की। कस्बे में मिट्टी के दीए की बिक्री के लिए कई स्थानों पर स्टाल लगाए गए हैं। मिट्टी से बने लक्ष्मी गणेश की छोटी प्रतिमाओं के रोडवेर्ज औ शनीचर बाजार में स्टाल लगाए गए हैं। प्रशासन के आदेश पर आतिशबाजी की दुकानें रामलीला मैदान में लगाई गई हैं। यहां दुकानदारों को बालू और पानी रखने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। पौराणिक स्थल दुर्बासा धाम में मेले जैसा दृश्य है। अभी से कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर लगने वाले तीन दिवसीय मेला के लिए लगने वाली दुकानों के लिए जमीन की निशानदेही करना दुकानदार शुरू कर दिए है। यहां स्थापित की गई पंडाल में लक्ष्मी की प्रतिमा के दर्शन के लिए भीड़ उमड़ रही है। कस्बा के शनीचर बाजार में लाई, चूड़ा, मिष्ठान के दुकानें सजाई गई हैं। गत वर्ष की अपेक्षा अच्छे क्वालिटी के मिष्ठान में 10 रुपये से लेकर 20 रुपये प्रति किग्रा की बढोत्तरी हुई है।