विद्युत शुल्क बढ़ोतरी को लेकर उपकेंद्र का घेराव
मार्टीनगंज। तहसील मुख्यालय स्थित विद्युत वितरण उपकेन्द्र कार्यालय का सुरही खुर्द के ग्रामीणों ने बुधवार को घेराव कर विद्युत शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर हंगामा किया। शिकायत पत्र देकर बिल में हुई बढ़ोतरी को कम करने की मांग की। एसडीओ ने एक सप्ताह में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सुरही खुर्द के ग्रामीणों ने बताया कि उनके घर में मात्र एक या दो बल्ब जलते हैं। कनेक्शन लिया गया था तो विद्युत विभाग ने बताया कि बहुत कम बिल आएगा। कुछ माह से विद्युत शुल्क में काफी बढ़ोतरी हो गई है। इसे देने में हम अक्षम है। फूलपुर विद्युत कार्यालय और आजमगढ़ कार्यालय पर शिकायती पत्र दिया जा चुका है। सुनवाई नहीं हो रही है। समाधान नहीं हुआ तो जिलेस्तर पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। एसडीओ जितेंद्र गुप्ता ने फोन पर बताया कि एक सप्ताह के अंदर जांच कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। रीता देवी, सुभावती, लीलावती, उषा, सीमा, झिनकी, उर्मिला, रामाश्रय, नरमा, रूपकला, प्रभावती उपस्थित थीं।