पवई। जनपद में शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी और पूरा प्रशासनिक अमला जी-जान से जुटा हुआ है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मंगलवार की देर शाम पवई विकास खंड के चार गांवों का दौरा किया। जिसमें सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं एक गांव में 11 शौचालयों को पात्रों को आवंटित करने का मामला भी सामने आया। जिसमें उन्होंने सचिव और ग्राम प्रधान से वसूली कराने का निर्देश दिया। पवई विकास खंड में शौचालय निर्माण की प्रगति की जानकारी लेने के लिए जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने मंगलवार की देर शाम निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैनुद्दीनपुर, बखरिया, समइता और मिल्कीपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गांवों में शौचालय निर्माण की प्रगति काफी खराब मिली। मौके पर सेक्रेटरी कन्हैया राम मौजूद नहीं थे। जिलाधिकारी के बुलाने पर भी वह मौके पर नहीं पहुंचे। मौजूद ग्रामीणों ने उनके शराब पीकर आने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही खंड विकास अधिकारी को शौचालय निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैनुद्दीनपुर में 11 शौचालय अपात्रों को आवंटित हुआ पाया। इस पर उन्होंने ग्राम प्रधान और सचिव से शौचालय की धनराशि वसूलने का निर्देश दिया।