आजमगढ़। तहबरपुर विकास खंड के जूनियर हाईस्कूल बीबीपुर में लिपिक के पद पर तैनात लिपिक अरुण कुमार राय की अनियमित नियुक्ति मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उन्हें बर्खास्त कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने नियुक्ति से लेकर अब तक लिए गए सरकारी धन की रिकवरी का भी निर्देश दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जूनियर हाईस्कूल में लिपिक का पद रिक्त होने पर वर्ष 2014 में अखबार के माध्यम से रिक्ति निकाली गई। 12 फरवरी को साक्षात्कार संपन्न हुआ। साक्षात्कार के बाद अरुण कुमारराय की नियुक्ति लिपिक पद पर कर दी गई। जबकि यह नियुक्ति नियम विरुद्घ थी। क्योंकि जिस विद्यालय में अरुण की नियुक्ति हुई थी उस समय विद्यालय के हेडमास्टर उनके चाचा थे। जो चयन समिति के सदस्य भी थे। नियुक्ति का यह मामला हाईकोर्ट चला गया। जहां सुनवाई में मामला सिद्घ हो गया। इसके बाद सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने अरूण कुमार राय को तत्काल बर्खास्त करते हुए वित्त एवं लेखाधिकारी को उनके द्वारा लिए गए वेतन की रिकवरी करने का निर्देश दिया है।