आजमगढ़। शहर के लक्षिरामपुर स्थित वेदांता अस्पताल पर लगे मुर्दे के इलाज के आरोप की जांच अभी भी पूरी नहीं हो सकी है। मृतक के सिटी स्कैन की रिपोर्ट जहां अभी भी गायब है तो वहीं जांच टीम के सदस्य अभी जांच में कुछ और दिन लगने की बात कह रहे है। वेदांता प्रकरण की जांच के लिए सीएमओ ने 29 जून को तीन सदस्यी कमेटी का गठन किया था। जिसमें एडिशनल सीएमओ डॉ. परवेज अख्तर के साथ ही डॉ. वाईके राये और डॉ. ओमप्रकाश शामिल थे। सीएमओ ने तीन दिनों के अंदर जांच पूरी कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। एक तो टीम ने जांच ही देर से शुरू किया तो वहीं मृतक के परिजन भी तेरही के चलते बयान दर्ज कराने एक दिन बाद पहुंचे। इस बीच मृतक के सिटी स्कैन की रिपोर्ट की तलाश शुरू हुई तो परिजन अस्पताल प्रशासन पर और अस्पताल प्रशासन परिजन के पास रिपोर्ट होने की बात कहे। सीएमओ द्वारा निर्धारित समय सीमा बीते एक सप्ताह का समय हो चुका है, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। जांच टीम में शामिल डॉक्टरों की माने तो अभी जांच पूरी होने में दो-चार दिनों का समय लग सकता है।
वेदांता मामले में मृतक के सिटी स्कैन की रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं हो सकी है। जिसके चलते जांच की कवायद प्रभावित है। वहीं कुछ और जांच अभी की जानी है, जिसमें दो से चार दिनों का समय लग सकता है। जांच की कवायद पूरी होते ही रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी जायेगी।
डॉ. परवेज अख्तर, एशिनल सीएमओ/सदस्य जांच टीम।