आजमगढ़। शासन बिना मान्यता के संचालित हो रहे फर्जी विद्यालयों के खिलाफ काफी सख्त है। ऐसे विद्यालयों पर कार्रवाई को लेकर शासन स्तर से लगातार दिशा निर्देश आ रहे है। इसके बाद भी जिले के पल्हनी ब्लाक क्षेत्र में ऐसे विद्यालयों पर कार्रवाई तो दूर अब तक चिन्हीकरण की कवायद भी पूरी नहीं हो सकी है। इस क्षेत्र में प्राइमरी की मान्यता लेकर कई विद्यालय इंटरमीडिएट कालेज चला रहे है। बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों के चिन्हीकरण की जिम्मेदारी ब्लाक स्तरीय अधिकारी एसडीआई को सौंपी गई है। जिले में 22 ब्लाक है और सिर्फ पल्हनी ब्लाक को छोड़ कर अन्य ब्लाकों में बिना मान्यता संचालित हो रहे विद्यालयों पर कार्रवाई हो रही है। पल्हनी ब्लाक क्षेत्र में कार्रवाई तो दूर अब तक चिन्हीकरण का कार्य ही एसडीआई पूरा नहीं कर सके है। ब्लाक क्षेत्र के छतवारा, सिधारी, जमालपुर आदि क्षेत्रों में कई ऐसे इंटरमीडिएट कालेज संचालित हो रहे है, जिनके पास मात्र प्राइमरी अथवा जूनियर की मान्यता है। बिना मान्यता के ही संचालित हो रहे विद्यालयों की बात की जाये तो यह कई दर्जन में होंगे। शासन के सख्त निर्देशों के बाद भी कार्रवाई के लिए जिम्मेदार शिक्षा विभाग हीलाहवाली कर रहा है। नियमत: बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों का चिन्हीकरण नया सत्र शुरू होने के पूर्व ही हो जाना चाहिए था।
ब्लाक क्षेत्र में बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों के चिन्हीकरण की कवायद चल रही है अब तक 30 से 35 ऐसे विद्यालय चिह्नित किये गये है। प्राइमरी अथवा जूनियर की मान्यता लेकर इंटरमीडिएट कालेज चलाने वाले विद्यालयों की भी जानकारी एकत्र की जा रही है। एनपीआरसी को ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। दो-चार दिनों में सूची फाइनल कर कार्रवाई शुरू करायी जायेगी।
दीनानाथ साहनी, एसडीआई, ब्लाक-पल्हनी, आजमगढ़।