आजमगढ़। सीएचसी हरैया पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति और लापरवाही के कारण बायोमैट्रिक हाजिरी बनाने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन इसके लगने के बाद कुछ कर्मचारी सुबह आठ बजे आकर अंगूठे का निशान बनाकर चले जाते हैं। फिर दोपहर में दो बजे आते हैं, अंगूठा लगाकर हाजिरी पूरी कर लेते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया पर कुल आठ डॉक्टर तैनात हैं। डॉ. देवानंद यादव, डॉ. गोपाल प्रसाद, डॉ. सौरभ कुमार, डॉ. मणिकांत गुप्ता, संविदा डॉक्टर संजय सिंह, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. इसरार अहमद, डॉ. सलार तरन्नुम बानो हैं। चार वार्ड ब्वाय, चार फार्मासिस्ट सहित कुल 56 कर्मचारी हैं। शुक्रवार सुबह 9:30 बजे अस्पताल में मात्र नौ कर्मचारी उपस्थित थे। एक भी डॉक्टर 9:30 बजे तक हॉस्पिटल पर नहीं मिले। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि सीएचसी पर कई कर्मचारी फिल्ड वर्क के लिए भी हैं। फिर भी 56 में नौ का उपस्थित होना गलत है। जांच कराके मामले में कार्रवाई की जाएगी। हरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारियों की मनमानी चलती है, मरीज भटकते रहते हैं।