आजमगढ़। जनपद में बिना मानचित्र पास कराए और ग्रीन लैंड अवैध निर्मित होटलों और आवासीय भवनों के खिलाफ जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को एसडीएम सदर ने नगर के रोडवेज क्षेत्र स्थित चार होटलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटल मालिक कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। एसडीएम ने उसे दो दिन में अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जनपद के ग्रीन लैंड और कृषि क्षेत्रों में हुए अवैध निर्माणों की खबर को अमर उजाला कई बार प्रकाशित कर चुका है। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे कभी संज्ञान में नहीं लिया। इसका परिणाम रहा कि एडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे अपनी कमाई का जरिया बना लिया था। तमसा सफाई अभियान के दौरान जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने इसे संज्ञान में लिया है। उन्होंने एसडीएम सदर प्रकाश चंद्र को इन अवैध निर्माणों की जांच का निर्देश दिया है। जांच के क्रम में शुक्रवार को एसडीएम सदर प्रकाश चंद्र, सीओ सिटी सचिदानंद की टीम ने नगर के रोडवेज स्थित गोल्डेन फार्च्यूनर, त्रिमूर्ति, कृष्णा और अमर ङोटल पर छापेमारी की। इस दौरान फायर फायटिंग सिस्टम, पार्किंग, किचन की साफ-सफाई आदि की जांच की गई। उन्होंने होटल संचालकों से होटल का मानचित्र और अन्य अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा, लेकिन होटल संचालक कोई भी अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सका। चारों होटल पंजीकृत नहीं थे। कोई आवेदन की बात कर रहा था तो कोई कुछ और। इस पर एसडीएम ने उसे दो दिन का समय दिया। इस दौरान एक होटल पर बालश्रमिक भी कार्य करते हुए पाया गया। एसडीएम ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कोई भी अभिलेख प्रस्तुत न करने पर होटल संचालक को दो दिन का समय दिया गया है कि वह होटल से संबंधित सारे अभिलेख प्रस्तुत करें। इसके बाद कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी जाएगी।