आजमगढ़। नेशनल मिशन फार सस्टेनेबल एग्रीकल्चर योजना के तहत मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना की जांच के लिए नोडल अधिकारी/संयुक्त निदेशक उर्वरक गणेश मणि त्रिपाठी का शुक्रवार को जिले में आगमन हुआ। उन्होंने विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण योजना की जमीनी हकीकत जाना। इस दौरान कैंप लगा कर कई किसानों को मृदा कार्ड का वितरण भी किया गया।
वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए जिले में 99096 नमूना लिये जाने का लक्ष्य निर्धारित है। लक्ष्य के सापेक्ष रवी के मौसम में 47914 नमूना लिया जा चुका है। खरीफ के लिए विशेष पखवाड़ा चल रहा है। जिसमें नमूना लेने की कवायद में कृषि विभाग जुटा हुआ है। नोडल अधिकारी के निर्देशन में शुक्रवार को पल्हनी ब्लाक के सलारपुर गांव में कैप लगा कर किसनों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण ग्राम प्रधान संतराज यादव की उपस्थिति में कराया गया। इसके साथ ही ऊंचागांव में कृषक राजेंद्र सिंह के खेत से मृदा का नमूना भी लिया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने किसानों को मृदा जांच के फायदों से अवगत कराया। इस अवसर पर सुरेश कुमार सिंह, डॉ. आरके मौर्य, संगम सिंह, डॉ. उमेश कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।