सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्रके करनपुर सरैया गांव में मनबढ़ों द्वारा सार्वजनिक रास्ता बंद कर दिए जाने से नाराज होकर लोग शनिवार को सडक़ पर उतरे और गांव के पास जीयनपुर-बिलरियागंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सडक़ जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्वकर्मी पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम को समाप्त करा दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थी।
बता दें कि करनपुर सरैया गांव निवासी रामानंद और विजय मोहन चतुर्वेदी के दरवाजे के सामने से ग्रामीण आते-जाते थे, लेकिन यह लोग मार्ग को अवरुद्ध करते हुए उस पर दीवार खड़ी कर दिए हैं। जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने रास्ता खोलने की बात इनसे कहीं, पर इन्होंने रास्ता नहीं खोला। इससे नाराज गांव के तमाम महिला और पुरुष शनिवार की दोपहर सडक़ पर उतरे और गांव के पास जीयनपुर-बिलरियागंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सडक़ जाम होने की सूचना पर नायब तहसीलदार सगड़ी ज्ञानेंद्र यादव जीयनपुर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। आश्वासन देकर करीब एक घंटे बाद जाम को समाप्त कर दिया। नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव ने बताया कि अभिलेखों की जांच के दौरान पता चला कि जिस जमीन में दीवार खड़ी है। वहां से कोई रास्ता नहीं है। बातचीत के जरिए यह विवाद हल कराया जाएगा।आशीष तिवारी