अहरौला/बूढनपुर। राजकीय महिला महाविद्यालय समदी का स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को धूमधाम के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत रमाबाई राजमीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबेडकर नगर की प्राचार्य डॉ. शेफाली सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। वहीं विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने महाविद्यालय में छात्राओं की संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त किया और कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश करते ही यहां के संस्कृति और शिक्षा शैली की जानकारी हो गई। प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा ने छात्राओं का आह्वान किया कि वे पढ़ लिख कर आगे बढ़े। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालयों में आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं और परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर डॉ. महेश, रामनरेश, संतोष, अमित शुक्ला, ज्योति, प्रधान नन्हे यादव आदि मौजूद रहे।