अतरौलिया। क्षेत्र पंचायत की बैठक शुक्रवार को विकास खंड सभागार में आयोजित हुई। जिसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बीडीओ की कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताते हुए जम कर हंगामा मचाया। वर्ष 2018-19 के बजट को लेकर आयोजित इस बैठक में कोई भी कार्य निस्तारित नहीं हो सका और बैठक हंगामे की भेंट चढ़ कर रह गई।
ब्लाक प्रमुख गुलाबचंद की अध्यक्षता में बैठक शुरू होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी अतरौलिया की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आक्रोश जताना शुरू कर दिया। सदस्यों का कहना था कि बैठक की न तो समय से सूचना मिलती है और न ही बैठक में सदस्यों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सी की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं सभागार में साफ-सफाई का भी आभाव है। बैठक पूर्व प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने भी दुर्व्यवस्थाओं व बीडीओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। क्षेत्र पंचायत सदस्य बृजेश यादव अजीत मिश्र, पिंटू यादव, कन्हैया आदि ने कहा कि वर्ष 2016-17 में कराये गए कई कार्यो का अब तक भुगतान नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति में अब कार्य करा पाना संभव नहीं है। बीडीओ ने कहा कि क्षेत्र पंचायत कार्यदायी संस्था नहीं है ना ही उनके द्वारा मनरेगा का कोई कार्य करवाया जा सकता है। बीडीओ की इस बात पर क्षेत्र पंचायत सदस्य उग्र हो उठे और बैठक में ही नारेबाजी करने लगे। ब्लाक प्रमुख ने भी सदस्यों का समर्थन किया और बैठक का बहिष्कार कर सभागार से बाहर चले गए। इस मौके पर शीतला निषाद, चंद्रजीत तिवारी, रामहित यादव, कमला यादव, घनानंद गिरी, दिलीप सिंह, राणा सिंह, प्रेम शुक्ला, राधेश्याम यादव, दिनेश सिंह, सुरेश मौर्य, दयाशंकर सिंह, अतुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।