आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती का कार्यक्रम पूरे जनपद में जनपद में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शासन की ओर से सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का निर्देश दिया गया था।
इस संबंध में एडीएम प्रशासन लवकुश त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक भी हुई थी। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही इस दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई थी। इसके बाद भी सोमवार को कई कार्यालय ऐसे रहे जहां राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। जबकि कई कार्यालय ऐसे रहे जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद कर्मचारी गायब हो गए और बंदरों ने झंडों को नीचे गिरा दिया। सोमवार को नेडा और जिला निर्वाचन कार्यालय पर निर्देश के बाद भी राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। इन कार्यालयों में ताला बंद कर अधिकारी और कर्मचारी नदारत थे। वहीं जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय पर झंडा तो फहराया गया था लेकिन अधिकारी और कर्मचारी ताला बंद कर फरार थे। बंदरों ने झंडे को नीचे गिरा दिया था। कोई भी ऐसा कर्मचारी नहीं था जो राष्ट्रीय ध्वज को सहेज सके।