मुबारकपुर। थाना क्षेत्र के चकसिकठी मुहल्ले में स्थित एक मोबाइल टावर के केबिन में शुक्रवार की सुबह आग लगने से लाखों रुपये मूल्य के इलेक्ट्रानिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया। टावर बंद होने से क्षेत्र के कई गांव की मोबाइल सेवा बाधित हो गई।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के चकसिकठी मुहल्ला निवासी मतिउर्रहमान के हाते में मोबाइल कंपनी का टावर लगा है। इसके जरिए कई कंपनियों के नेटवर्क का संचालन होता है। शुक्रवार की अलसुबह टावर के केबिन में आग लग गई। तेज धुआं और लपटें देखकर लोगों को जानकारी हुई । आग की लपटें इतनी भयानक थी कि किसी की हिम्मत पास जाने की नहीं हो पा रही थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई और फायरकर्मियों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। मोबाइल टावर पर गार्ड की नौकरी करने वाले सुरेश कुमार का कहना है कि टावर में आग सुबह करीब पौने चार बजे बिजली गिरने से लगी है। वहीं मुहल्ले के वकार, इफ्तेखार अहमद आदि का कहना है कि मोबाइल टावर में सुबह करीब पांच बजे आग लगी है। इसके अलावा आग नीचे की ओर लगी, जिससे बिजली गिरने की बात संदिग्ध लग रही है। मोबाइल कंपनी के अधिकारी पहुंचकर नई मशीन लगाने में जुटे थे।