सदर तहसील में स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान करते मतदाता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। गोरखपुर फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन का मतदान जनपद में मंगलवार को सकुशल संपन्न हो गया। मतपेटियों को पोलिंग पार्टियों द्वारा सदर तहसील में जमा किया गया। जहां से रात को ही मतपेटियां गोरखपुर के लिए रवाना कर दी गई। जहां तीन दिसंबर को मतगणना का कार्य संपन्न होगा। गोरखपुर फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन चुनाव के लिए जनपद में कुल 23 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 5133 मतदाताओं को मतदान करना था। लेकिन शाम को मतदान समाप्त होने तक 3772 मतदाताओं ने ही मतदान में हिस्सा लिया। सुबह आठ बजे मतदान का कार्य शुरू होकर शाम पांच बजे तक चला। इस चुनाव में कुल 16 प्रत्याशी भाग ले रहे हैं। जिसमें तीन प्रत्याशी जनपद के भी शामिल हैं। शाम पांच जब मतदान समाप्त हुआ मतदान का प्रतिशत 73.49 हो गया। मतदान की समाप्ति के बाद पोलिंग एजेंटों के सामने ही मतपेटी को सीलबंद किया गया। इसके बाद पोलिंग पार्टियां पुलिस बल के साथ मतपेटियों को लेकर सीधे सदर तहसील पहुंची। जहां मतपेटियों को जमा करने के लिए काउंटर बनाए गए थे। मतपेटियों के जमा होने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच रात को ही गोरखपुर के रवाना कर दी गई। जहां तीन दिसंबर को मतगणना होगी। मार्टीनगंज प्रतिनिधि के अनुसार गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान का कार्य सुबह आठ बजे शुरू हुआ। मार्टीनगंज में कुल मतों की संख्या 223 थी। जिसमें 176 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमें 148 पुरुष और 28 महिलाएं शामिल रही। मतदान का प्रतिशत 78.92 रहा। अहरौला प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक सभागार में शुरू हुए मतदान में 247 मतदाताओं को हिस्सा लेना था। शाम साढ़े चार बजे तक कुल 185 लोगों ने मतदान किया था। जिसमे 27 महिला व 157 पुरुष शामिल रहे। सगड़ी प्रतिनिधि के अनुसार सगड़ी तहसील परिसर में सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम को पांच बजे तक चला। जिसमें अजमतगढ़ ब्लाक के 394 मतदाताओं मेें 283 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान का प्रतिशत 81.83 रहा। मतदान शुरू होने के साथ ही अधिकारी भी शांति व्यवस्था को कायम रखने के लिए पूरे दिन चक्रमण करते रहे। डीएम सहित सारे अधिकारी बूथों पर पहुंचकर निरीक्षण करते नजर आए।
0000000000000000000
दोपहर में तेजी से बढ़ा मतदान का प्रतिशत
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के मतदान का कार्य सुबह आठ बजे शुरू हुआ। सुबह के एक घंटे मज्ञ्तदान का प्रतिशत काफी धीमा रहा। सुबह नौ बजे तक 1.78 प्रतिशत मतदान हुआ। 10 बजे यह बढ़कर 11.26 प्रतिशत हो गया। 12 बजे बजे मतदान के लिए बूथों पर लाइन देखी गई और मतदान का प्रतिशत 32.10 हो गया। दो बजे मतदान का प्रतिशत बढ़कर 59.8 हो गया। चार बजे मतदान का प्रतिशत 72.08 प्रतिशत तक पहुंच गया। लेकिन शाम पांच बजे मतदान जब समाप्त हुआ तो यह प्रतिशत 73.49 प्रतिशत पहुंचकर संपन्न हुआ।
0000000000000000000
बूथ से दूर हटाए गए प्रत्याशियों के बस्ते
नगर के शिब्ली डिग्री कालेज के समय मुख्य गेट से मुश्किल से 25 से 30 मीटर की दूरी पर ही प्रत्याशियों के कार्यकर्ता बस्ता लेकर बैठे थे। उनके द्वारा वहां पहुंचने वाले हर मतदाता को पर्ची दी जा रही थी। तभी मौके पर सेक्टर मजिस्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने पुलिस के साथ वहां पहुंचकर उन लोगों को वहां से दूर हटाया गया।
000000000000000000000
गुब्बारों से सजाए गए थे बूथ
आजमगढ़। मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए और लोगों को मतदान के प्रति आकर्षित करने के लिए बूथ केे पूरी तरह से सजाया गया है। बूथों पर गुब्बारे लगाए गए थे। हर मतदाता की थर्मल स्कैनिंग की जा रही थी। इसके बाद ही उसे मतदान करने की इजाजत दी जा रही थी। बाहर की एक व्यक्ति को थर्मल स्कैनर देकर बैठाया गया था।
0000000000000000
जनपद में मतदान का कार्य सकुशल संपन्न हो गया। मतपेटियों को सदर तहसील में पोलिंग पार्टियों द्वारा जमा कर दिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच रात को ही मतपेटियों को गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी।
शिब्ली कालेज में स्नातक एमएलसी के मतदान के लिए खड़े लोग।- फोटो : AZAMGARH