आजमगढ़। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति को सुचारु और बेहतर बनाने के लिए विद्युत विभाग ने ट्रांसफाॅर्मरों की स्थापना का कार्य तेज कर दिया है। विभाग द्वारा 3.44 करोड़ रुपये की लागत से लगाए जा रहे कुल 72 नए ट्रांसफाॅर्मरों में से अब तक 59 ट्रांसफाॅर्मरों की स्थापना पूरी कर ली गई है, जबकि शेष 13 ट्रांसफाॅर्मरों का कार्य इसी माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अधीक्षण अभियंता घनश्याम ने बताया कि तापमान में लगातार हो रही वृद्धि के कारण बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफाॅर्मरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा नए ट्रांसफाॅर्मर स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ओवरलोडिंग की समस्या को कम किया जा सके और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में बार-बार ट्रांसफाॅर्मर जलने या लो-वोल्टेज की समस्या सामने आ रही थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर 59 नए ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं। साथ ही शेष बचे 13 ट्रांसफाॅर्मरों को लगाने के लिए मातहत अधिकारियों व ठेकेदारों को निर्देश दे दिया गया है। संवाद